एसडीएम ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सतपुली रेखा आर्य ने क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति और व्यवस्थागत खामियां सामने आईं। पीएचसी रीठाखाल में तीन में से केवल एक कर्मचारी उपस्थित मिला, जबकि प्रभारी चिकित्साधिकारी और एएनएम अनुपस्थित पाए गए। पीएचसी संगलाकोटी और पोखड़ा में भी कई कर्मचारी ड्यूटी से नदारद रहे। वहीं आयुष विंग में दोनों तैनात कर्मचारी अनुपस्थित मिले और बायोमेट्रिक मशीन भी बंद पाई गई। एसडीएम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही गंभीर विषय है और सभी निरीक्षण रिपोर्ट जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्साधिकारी को भेजी जाएगी। दोषी कर्मचारियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
