कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी ने दिया निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर


हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मेलाधिकारी सोनिका ने विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क एवं पुल निर्माण परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने सड़क की खुदाई कराकर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की मौके पर जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता और कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बहादराबाद-सिडकुल चार लेन मार्ग, ज्वालापुर-शिवालिक नगर मोटर मार्ग पर बन रहे पुल तथा अन्य प्रमुख सड़कों का निरीक्षण किया। लगभग 1182.35 लाख रुपये की लागत से बन रहे चार लेन मार्ग और 966.61 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुल कार्य में धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पंतजलि योगपीठ से फेरूपुर तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य की जीएसबी परत की खुदाई कर गुणवत्ता जांच भी कराई। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को नियमित निरीक्षण और तृतीय पक्ष गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की क्षमता का वैश्विक प्रदर्शन है, इसलिए सभी परियोजनाएं तय समय सीमा और उच्च मानकों के साथ पूरी की जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!