स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में दिए सेवाओं में सुधार के निर्देश

पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, संस्थागत प्रसव, टीबी मुक्त भारत अभियान, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसीएमओ डॉ. विनय कुमार त्यागी ने अल्ट्रासाउंड केंद्रों और स्वास्थ्य सूचकांकों की जानकारी दी, जबकि सीएमओ ने रेबीज टीकों की उपलब्धता और टीबी मरीजों के उपचार की स्थिति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने शेष टीबी मरीजों का तुरंत उपचार शुरू करने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोर्टेबल एक्स-रे सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही एंबुलेंस सेवाओं, अस्पतालों की मूलभूत सुविधाओं और पेयजल व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें।
