अशासकीय विद्यालयों का वेतन शीघ्र जारी होगा: डॉ. धन सिंह रावत

देहरादून। प्रदेश के सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों को तीन माह से वेतन न मिलने पर विद्यालयी शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने लंबित वेतन शीघ्र जारी करने और भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराने के निर्देश दिए।
डॉ. रावत ने कहा कि सरकार शिक्षकों और कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है तथा किसी को आर्थिक कठिनाई न हो, इसके लिए लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने वेतन भुगतान में आ रही बाधाओं को जल्द दूर कर नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही।
वहीं, उत्तरकाशी के मोरी स्थित ओसला गांव में विद्यालय भवन न होने की खबर का भी शिक्षा मंत्री ने संज्ञान लिया और जांच के निर्देश दिए। विभागीय रिपोर्ट में बताया गया कि विद्यालय भवन संचालित है तथा मरम्मत कार्य हेतु पूर्व में स्वीकृत धनराशि से निर्माण प्रक्रिया जारी है।
