रंगीन मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए डीएम ने किया मत्स्य क्लस्टर का निरीक्षण

हरिद्वार। जनपद में किसानों की आय बढ़ाने और मत्स्य पालन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ग्राम पंचायत भगतनपुर आबिदपुर स्थित चंद्रभागी मत्स्य सेवा केंद्र में संचालित रंगीन मत्स्य क्लस्टर का स्थलीय निरीक्षण किया। यह क्लस्टर मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत संचालित हो रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार का यह पहला रंगीन मत्स्य क्लस्टर है, जहां किसानों द्वारा ऑर्नामेंटल फिश पालन किया जा रहा है। इससे किसानों की आय बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि मत्स्य पालन को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक मांगों को जिला योजना के माध्यम से पूरा किया जाएगा। सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा ने बताया कि क्लस्टर में 8 किसान, जिनमें 4 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं, रंगीन मछलियों का पालन कर रहे हैं। प्रदेश में फिलहाल केवल हरिद्वार और उधमसिंहनगर में ही यह गतिविधि संचालित हो रही है। क्लस्टर में गोल्डन फिश, ब्लैक शार्क, कोई कार्प और कबुतो कोई जैसी प्रजातियों का पालन किया जा रहा है।
