चारधाम यात्रा में एसटीईएमआई प्रोग्राम बना जीवनरक्षक

चमोली। चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य विभाग का एसटीईएमआई प्रोग्राम तीर्थयात्रियों के लिए जीवनदाता साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर 14 स्थानों पर ईसीजी जांच और थ्रोम्बोलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अब तक 148 यात्रियों की जांच में 5 गंभीर हृदय रोगियों की पहचान कर समय पर उपचार किया गया। एक मरीज को प्राथमिक उपचार के बाद हेली एम्बुलेंस से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जबकि 47 अन्य असामान्य मामलों को निगरानी में रखा गया। एसीएमओ डॉ. वैष्णव कृष्णा ने बताया कि डिजिटल ईसीजी मशीनों से रिपोर्ट तुरंत चिकित्सालयों तक पहुंच रही है, जिससे हृदयाघात की स्थिति में समय पर इलाज संभव हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग की यह पहल यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और त्वरित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रही है।
