यात्रा मार्ग पर नियम तोड़ने वालों पर पुलिस सख्त, दो वाहन सीज

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा यात्रा मार्ग पर लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दो वाहनों को सीज किया।
चेकिंग के दौरान हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो को रोका गया, जिस पर अवैध रूप से पुलिस की नीली-लाल बत्ती, हूटर और पुलिस चिन्ह लगा हुआ था। जांच में सामने आया कि चालक टोल टैक्स से बचने और यात्रियों पर प्रभाव जमाने के लिए पुलिस पहचान का दुरुपयोग कर रहा था। मामले में एसएचओ सोनप्रयाग राकेंद्र कठैत ने वाहन को तत्काल सीज कर दिया। वहीं राजस्थान नंबर की एक स्विफ्ट कार का चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया। एल्कोमीटर जांच में पुष्टि होने पर यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए वाहन को मौके पर ही सीज किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्रा मार्ग पर कानून उल्लंघन और पुलिस अधिकारों के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
