रुद्रप्रयाग में प्रशासन की सतर्कता से टला बाल विवाह

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में बाल विवाह रोकथाम अभियान के तहत प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संभावित बाल विवाह को रोक दिया। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचना मिली थी कि टिहरी गढ़वाल निवासी 20 वर्षीय युवती अपने परिचित 19 वर्षीय किशोर के घर रुद्रप्रयाग पहुंचकर विवाह की बात पर जोर दे रही है।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में संयुक्त टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की गई। टीम में वन स्टॉप सेंटर, बाल कल्याण समिति और चाइल्ड हेल्पलाइन के अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों और परिजनों की काउंसलिंग कर बाल विवाह से जुड़े कानूनी और सामाजिक पहलुओं की जानकारी दी। काउंसलिंग के दौरान किशोर के भविष्य और शिक्षा पर संभावित प्रभावों को भी समझाया गया। युवती के परिजनों से संपर्क कर सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने का आश्वासन लिया गया। सभी पक्षों की सहमति के बाद युवती को सुरक्षित उसके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। प्रशासन ने कहा कि बाल संरक्षण और बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।
