अभियान चलाकर संस्थागत प्रसव के लिए किया जागरूक

रुद्रप्रयाग। शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को जागरूक कर रही हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश के निर्देशन में अप्रैल माह में संभावित 226 गर्भवतियों से संपर्क किया गया, जबकि मई माह के लिए 215 महिलाओं से संपर्क किया जा रहा है।
जिला व ब्लॉक स्तर की टीमों ने विभिन्न गांवों में भ्रमण कर अस्पताल में प्रसव के लाभ बताए। अधिकारियों ने बताया कि संस्थागत प्रसव से मां और शिशु दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है तथा आपात स्थिति में तुरंत उपचार मिलता है। साथ ही 108 एम्बुलेंस, जननी सुरक्षा योजना सहित अन्य सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
