आईआईटी रुड़की-यूएसएसी के बीच एमओयू, अंतरिक्ष व जियोस्पेशियल सहयोग को नई दिशा

देहरादून। आईआईटी रुड़की और उत्तराखंड स्पेस एप्लीकेशन सेंटर के बीच अंतरिक्ष विज्ञान एवं जियोस्पेशियल तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य अकादमिक, वैज्ञानिक एवं अनुसंधान सहयोग को सुदृढ़ करना है।
एमओयू पर हस्ताक्षर आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत और यूएसएसी के निदेशक प्रो. दुर्गेश पंत द्वारा संस्थान परिसर में किए गए। इस अवसर पर सेंटर फॉर स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी के प्रमुख प्रो. संजय एच. उपाध्याय व डॉ. प्रियदर्शी उपाध्याय भी उपस्थित रहे। समझौते के तहत अकादमिक एवं अनुसंधान सहयोग, एम.टेक व पीएचडी छात्रों का संयुक्त मार्गदर्शन तथा सेमिनार, सम्मेलन और कार्यशालाओं का संयुक्त आयोजन किया जाएगा। दोनों संस्थान अंतरिक्ष अनुप्रयोग, जियोस्पेशियल तकनीक, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में संयुक्त शोध व परियोजनाएं संचालित करेंगे। इस पहल से छात्रों को यूएसएसी में इंटर्नशिप, प्रोजेक्ट कार्य व शोध के अवसर मिलेंगे, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। यह साझेदारी उत्तराखंड में वैज्ञानिक नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
