अभद्रता प्रकरण में जांच के आश्वासन पर छात्रसंघ ने समाप्त किया धरना

मरगूबपुर। राजकीय महाविद्यालय मरगूबपुर में छात्र नेता के साथ कथित अभद्रता और धक्का-मुक्की के मामले में प्राचार्य द्वारा जांच के आश्वासन के बाद छात्रसंघ ने धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। एबीवीपी छात्र नेता लुकमान ने छात्रसंघ पदाधिकारियों व अन्य छात्रों के साथ प्रदर्शन जारी रखा था। आरोप है कि अंग्रेजी विभाग के मुकेश कुमार गुप्ता और हिंदी विभाग के अनिल कुमार कटियार ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
छात्र नेता लुकमान ने मांग की कि दोनों अध्यापक लिखित में माफी दें और भविष्य में ऐसा व्यवहार न करने का आश्वासन दें। छात्रसंघ अध्यक्ष अब्दुल्ला ने भी घटना की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे शिक्षकों, अभिभावक संघ प्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाया। प्राचार्य के जांच के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया, हालांकि छात्रों ने चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर दोबारा आंदोलन किया जाएगा।
