श्री ओंकारेश्वर मंदिर से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली


रूद्रप्रयाग। आस्था और श्रद्धा के प्रतीक भगवान श्री केदारनाथ जी की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली आज शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई। मंदिर परिसर में परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार परिक्रमा के उपरांत डोली ने अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।
डोली प्रस्थान के दौरान पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में भक्त पैदल यात्रा में भी शामिल हुए। ओंकारेश्वर मंदिर परिसर को लगभग आठ कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जहां भक्तों ने पुष्प वर्षा कर बाबा केदार का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूर्व परंपरा के अनुसार भैरवनाथ जी की पूजा-अर्चना भी संपन्न की गई। निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार डोली ऊखीमठ से गुप्तकाशी, फाटा होते हुए गौरीकुंड पहुंचेगी और विभिन्न पड़ावों पर रात्रि विश्राम करेगी।

 

21 अप्रैल को डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी और भंडार में विराजमान होगी। इसके बाद 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 08रू00 बजे शुभ मुहूर्त में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्री केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे, जिससे विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा 2026 का शुभारंभ होगा।
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग एवं बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, यातायात एवं पैदल मार्गों की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।
विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने भी कहा कि सरकार द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे यात्रा सुरक्षित, सुगम और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण और श्रद्धालुओं में अपार उत्साह बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!