गर्मी शुरू होते ही बिजली–पानी संकट से जूझ रहे ग्रामीण, गौलापार क्षेत्र में हालात गंभीर

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / कृष्णा नैनवाल,
हल्द्वानी। गर्मी की शुरुआत के साथ सी हल्दवानी तहशील के गौलापार क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पेयजल और बिजली की समस्या गहराने लगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि जल संस्थान और विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं।
क्षेत्र के खनवाल कटान, देवपुर दनाई, रामबाग, बागझाला, चोरगलिया, नया गांव कटान, मदनपुर, भवानीपुर , गोबिन्द पुर समेत कई गांवों में लोग पानी और बिजली के संकट से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नियमित जल आपूर्ति न होने के कारण उन्हें हैंडपंप के प्रदूषित पानी पर निर्भर होना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं।
वहीं, पंप ऑपरेटरों का कहना है कि बिजली की आपूर्ति बाधित रहने के कारण पानी की सप्लाई सुचारू नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी फोन तक रिसीव नहीं करते और लाइन फॉल्ट का हवाला देकर समस्या को टालते रहते हैं। क्षेत्र में रोजाना 3 से 4 घंटे तक बिजली गुल रहना आम बात हो गई है।
नया गांव कटान से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की पूर्व उम्मीदवार और सामाजिक कार्यकर्ता सरिता भट्ट ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
गृहणी पुष्पा देवी ने बताया कि सुबह 4 बजे उठने के बावजूद पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता, जबकि बिजली की अनियमितता से घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, युवा गौरव पांडेय ने कहा कि शाम होते ही बिजली कटौती शुरू हो जाती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
पूर्व ग्राम प्रधान दुर्गा पाल का कहना है कि यदि जल संस्थान और विद्युत विभाग आपसी समन्वय से काम नहीं करते, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं, नया गाव कटान के ग्राम प्रधान पूनम जागी ने बताया कि समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और जल्द समाधान का आश्वासन मिला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो विभागीय कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।
ग्रामीणों की एक ही मांग है—बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को जल्द से जल्द सुचारू किया जाए, ताकि उन्हें इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके।
