नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में दिया महिला सशक्तिकरण पर जोर

हरिद्वार। हरिद्वार जिले के बहादराबाद ब्लॉक परिसर में “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों महिलाओं, बहनों और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री डॉ. मीरा रतूड़ी और हरिद्वार महापौर किरण जैसल ने महिलाओं की भूमिका को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” को महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। सम्मेलन में डॉ. रागिनी, संगीता राणा और मंजू देवी सहित कई महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और समाज में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नारी वंदन हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया गया। अंत में आयोजकों ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों को महिला सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
