दिव्यांग व वरिष्ठजनों को मिला सहारा, 3477 को निःशुल्क सहायक उपकरण

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में समाज कल्याण विभाग, देहरादून द्वारा दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु जनपद में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। ये शिविर भारत सरकार की ’’एडिप योजना’’ एवं ’’राष्ट्रीय वयोश्री योजना’’ के अंतर्गत संचालित हुए।
कालसी-सहिया में आयोजित अंतिम शिविर के साथ अभियान का समापन हुआ, जहां 657 लाभार्थियों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। जनपद के 9 शिविरों के माध्यम से कुल 3,477 दिव्यांग व वरिष्ठजनों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, छड़ी, वॉकर, श्रवण यंत्र सहित अन्य उपकरण प्रदान किए गए। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाना है। लाभार्थियों ने जिला प्रशासन व समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
