अखिलेश यादव के बयान को संदर्भ से काटकर पेश कर रही भाजपा: सिद्दीकी


देहरादून। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने प्रेस को जारी बयान में भाजपा पर आरोप लगाया कि वह राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान को संदर्भ से काटकर नफरत की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का व्यंग्य चुनाव के दौरान आम नागरिकों और मजदूरों को घुसपैठिया बताने तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण के नाम पर वोट काटने की आशंकाओं पर था।
सिद्दीकी ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को देश में स्वतंत्र रूप से आने-जाने का अधिकार देता है। उन्होंने उत्तराखंड से अखिलेश यादव के भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि केदारनाथ आपदा के दौरान उन्होंने आर्थिक सहायता दी थी। अंकिता भंडारी प्रकरण में सांसद डिंपल यादव द्वारा मुद्दा उठाने और पीड़ित परिवार से मिलने का भी उन्होंने उल्लेख किया। प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए विवादित बयानबाजी का सहारा ले रही है। सिद्दीकी ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी विकास और जनहित के मुद्दों पर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी भाजपा सरकार की नीतियों को चुनौती देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!