आईआईएम काशीपुर की दिल्ली सिटी मीट में पूर्व विद्यार्थियों के जुड़ाव और संस्थागत विकास पर दिया जोर


देहरादून। भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) काशीपुर की ओर से 10 अक्टूबर को नई दिल्ली के छतरपुर स्थित द दिवोली में ‘दिल्ली सिटी मीट ’26’ का आयोजन किया गया। संस्थान की पूर्व विद्यार्थी संबंध समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में करीब 90 पूर्व विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और संस्थान के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसमें उद्योग जगत से संपर्क मजबूत करने, विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने और संस्थान के विकास में पूर्व विद्यार्थियों की भूमिका पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में विभिन्न बैचों के पूर्व विद्यार्थियों ने अपने पेशेवर अनुभव साझा किए। चर्चा में कहा गया कि पूर्व विद्यार्थियों का मार्गदर्शन वर्तमान विद्यार्थियों को उद्योग जगत की अपेक्षाओं, करियर के विकल्पों और व्यावहारिक अनुभवों को समझने में मदद कर सकता है। संस्थान के डीन (डेवलपमेंट) प्रो. कुनाल गांगुली ने कहा कि मजबूत पूर्व विद्यार्थी नेटवर्क संस्थान की प्रगति, उद्योग जगत के साथ सहभागिता, विद्यार्थियों की सफलता और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने पूर्व विद्यार्थियों को संस्थान के भविष्य को आकार देने में भागीदार बताया। पूर्व विद्यार्थी संबंध समिति के अध्यक्ष प्रो. उत्कर्ष ने कहा कि सिटी मीट संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। पूर्व विद्यार्थी उद्योग जगत में अर्जित अनुभवों को वर्तमान विद्यार्थियों के साथ साझा कर उन्हें विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवर दृष्टिकोणों से परिचित करा सकते हैं। प्रॉपर्टीशॉप के संस्थापक और पीजीपी 2011-2013 बैच के पूर्व विद्यार्थी जतिन कुमार ने मार्गदर्शन और ज्ञान साझा करने के लिए पूर्व विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। वहीं, सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स में ग्रोथ लीड (डीजीएम) और पीजीपी 2014-2016 बैच के पूर्व विद्यार्थी रविंदर यादव ने आपसी सहयोग और मिलकर काम करने के महत्व पर जोर दिया। पूर्व विद्यार्थी हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि संस्थान से जुड़ाव को और मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजन नियमित रूप से होने चाहिए। कार्यक्रम का समापन नेटवर्किंग और अनौपचारिक संवाद के साथ हुआ। प्रतिभागियों ने पेशेवर संबंधों को आगे बढ़ाने तथा संस्थान से निरंतर जुड़े रहने के तरीकों पर विचार साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!