आदर्श संस्कृत ग्राम भोगपुर में जनप्रतिनिधियों के साथ किया विमर्श

डोईवाला। सहायक निदेशक संस्कृत शिक्षा डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ने आदर्श संस्कृत ग्राम भोगपुर में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संस्कृत ग्राम प्रशिक्षक आचार्य अरुण दीप पंत ने बताया कि उत्तराखंड में संस्कृत शिक्षा के उत्थान के लिए राज्य संस्कृत बोर्ड के गठन की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में गुजरात संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष एवं सदस्यों का दल 2 से 4 अक्टूबर तक उत्तराखंड के दौरे पर रहेगा। दल 2 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे आदर्श संस्कृत ग्राम भोगपुर पहुंचेगा और वहां संचालित संस्कृत गतिविधियों का जायजा लेगा। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा संस्कृत में बोलचाल तथा अन्य गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा। दल के साथ शासन और निदेशालय स्तर के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। डॉ. घिल्डियाल ने कहा कि भोगपुर की गतिविधियों के अवलोकन से संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य की योजनाओं के लिए उपयोगी सुझाव प्राप्त होंगे।
