पौड़ी में छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी और साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

 
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में पुलिस की ओर से चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट पौड़ी की टीम ने महावीर सिंह कंडारी इंटर कॉलेज में ट्रू फ्रेंड चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक बुराइयों और बढ़ते अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों इसके कारणों पहचान और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट अनजान लिंक ऑनलाइन गेमिंग डिजिटल ठगी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले खतरों के प्रति सचेत किया गया। विद्यार्थियों को अपनी गोपनीय जानकारी ओटीपी पासवर्ड बैंकिंग विवरण और निजी फोटो एवं वीडियो किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। इसके साथ ही इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील की गई। पुलिस टीम ने नशे और मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और किसी भी प्रकार के प्रलोभन में नहीं आने के लिए प्रेरित किया। उन्हें नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देने तथा स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!