रुद्रप्रयाग पहुंचे अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज के साइकिलिस्ट तिलवाड़ा में करेंगे रात्रि विश्राम

 

 
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित पांचवें संस्करण अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 में प्रतिभाग कर रहे देश-विदेश के साइकिलिस्ट रविवार को जनपद रुद्रप्रयाग पहुंचे। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी सहयोग से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 20 से 26 नवंबर तक मुक्तेश्वर नैनीताल से मसूरी देहरादून तक किया जा रहा है। कुल 658 किलोमीटर की इस चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस में प्रतिभागी विभिन्न पर्वतीय मार्गों से होकर गुजर रहे हैं। प्रतियोगिता के तहत साइकिलिस्ट बागेश्वर से होते हुए रुद्रप्रयाग पहुंचे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी साइकिलिस्टों का रात्रि विश्राम तिलवाड़ा में रहेगा। इसके बाद 23 नवंबर को तिलवाड़ा में विश्राम दिवस निर्धारित किया गया है जबकि 24 नवंबर को साइकिलिस्ट तिलवाड़ा से टिहरी की कोटी कॉलोनी के लिए रवाना होंगे। जनपद में साइकिलिस्टों के आगमन और सुरक्षित आवागमन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों पर संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट पर सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात प्रबंधन नियंत्रण सुरक्षा और आपसी समन्वय की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही तिलवाड़ा में साइकिलिस्टों के रात्रि विश्राम ठहरने पेयजल स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं के समुचित प्रबंध किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और आयोजन के सफल संचालन के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। रविवार को आयोजित रेस के चरण में हरियाणा के शिवेन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि लद्दाख के त्सेवांग नोरबू दूसरे स्थान पर रहे। वहीं आर्मी एडवेंचर टीम के खुशिमान घरती ने तीसरा स्थान हासिल किया। तीनों साइकिलिस्टों ने चुनौतीपूर्ण पर्वतीय मार्ग पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया। उल्लेखनीय है कि यह साइकिल रेस कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के 10 जनपदों से होकर गुजर रही है। प्रतियोगिता का उद्देश्य उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य साहसिक पर्यटन समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्वतीय क्षेत्रों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। यह आयोजन प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ उत्तराखंड को साइकिलिंग और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ.अखिलेश मिश्रा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार और जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!