श्रीनगर में 150 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित शिक्षा मंत्री ने वर्चुअल माध्यम से दी शुभकामनाएं
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
श्रीनगर गढ़वाल। शिक्षा और संस्कारों के साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बाल प्रतिभा सम्मान समारोह परिषद की ओर से 28वां बाल प्रतिभा सम्मान समारोह पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर में भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह में ग्रामीण अंचलों एवं नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण करने वाले 150 से अधिक छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शिक्षा जगत पत्रकारिता चिकित्सा और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध लेखक एवं शिक्षक डॉ.अखिलेश चंद्र चमोला द्वारा लिखित पुस्तक जीवन दर्शन व आत्म बोध का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत को पहुंचना था लेकिन व्यस्तता के चलते उन्होंने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित किया। उन्होंने सम्मानित होने वाले सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही नशा उन्मूलन के प्रति जागरूकता और बाल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में डॉ.अखिलेश चंद्र चमोला के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के वरिष्ठ आचार्य एवं डॉ.आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र के निदेशक प्रो.एमएम सेमवाल ने विगत 28 वर्षों से लगातार बाल प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए परिषद के निदेशक डॉ.अखिलेश चंद्र चमोला की सराहना की।
बाल प्रतिभा सम्मान समारोह के तहत विभिन्न विद्यालयों के 150 से अधिक छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से धीरेन्द्र धीरज बर्तवाल को सम्मानित किया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकार सत्य प्रसाद मैठाणी गोपी और चिकित्सा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के आर्थोपेडिक सर्जरी विभाग के सीनियर रेजिडेंट डॉ.अनिरुद्ध नेगी को सम्मानित किया गया। वहीं मंजुला जगुरान स्मृति सम्मान श्वेता बिष्ट को प्रदान किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन एवं योगदान के लिए अंजू बमोला विमला पुरोहित जयप्रकाश डिमरी केशवानंद लखेड़ा सुरेंद्र प्रसाद बमराडा शंकर भंडारी अमित कुमार प्रेम प्रकाश पुरोहित संतोष पोखरियाल भगत कांडपाल आकाशदीप भंडारी विजयलक्ष्मी राणा और गिरीश डिमरी को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर महेंद्र नेगी आशा नेगी नरेश दत्त पेटवाल सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे छात्र-छात्राएं अभिभावक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
