कुंभ-2027 रू धनुष पुल से बैरागी कैंप तक विस्तारित होगा आस्थापथ, निर्माण कार्यों में तेजी

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में आस्थापथ का धनुष पुल से बैरागी कैंप तक विस्तार किया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को हरकी पैड़ी तक आवागमन के लिए बेहतर वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। साथ ही कुंभ के दौरान भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी में भी सुविधा होगी।
मेलाधिकारी सोनिका ने बुधवार को चंडी चौक से धनुष पुल तक पैदल भ्रमण कर आस्थापथ विस्तार सहित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित निरीक्षण और निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी पर भी जोर दिया।
परियोजना के तहत धनुष पुल से आस्था पुल होते हुए दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग तक मार्ग का निर्माण अंतिम चरण में है। पार्किंग से सटे तटवर्ती क्षेत्र में करीब 270 मीटर लंबे एलीवेटेड मार्ग का निर्माण भी जारी है। मेलाधिकारी ने कुंभ शुरू होने से पहले इस पूरे हिस्से को सुव्यवस्थित और सुसज्जित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने धनुष पुल से सीसीआर के बीच नवनिर्मित घाट पर शेष कार्य जल्द पूरा करने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, प्रकाश और जनसुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में विकास कार्यों और एडमिन रोड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता से पूरे करने के निर्देश दिए।
आस्थापथ विस्तार परियोजना के तहत धनुष पुल से चंडी चौक तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण यूआईआईडीबी की रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत यूपीडीसीसी करा रहा है। आगे आस्थापथ को बैरागी कैंप से जोड़ने का कार्य उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग कर रहा है। निरीक्षण के दौरान यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक सुमित मलवाल, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अभियंता भारत भूषण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!