पौड़ी के छह स्वास्थ्य उपकेंद्रों को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन
पौड़ी। जनपद के छह स्वास्थ्य उपकेंद्रों को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणन मिला है। इन केंद्रों ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से जुड़े निर्धारित 12 मानकों पर खरा उतरकर यह उपलब्धि हासिल की है।
प्रमाणन से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण और गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग जैसी सेवाओं को मजबूती मिलेगी। प्रत्येक प्रमाणित उपकेंद्र को दो लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी, जिसका उपयोग दवाइयों और आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने में होगा। सीएमओ डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
