द्वितीय केदार मध्यमहेश्वर धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद
रुद्रप्रयाग। पंचकेदारों में द्वितीय केदार भगवान मध्यमहेश्वर धाम के कपाट 16 नवंबर को सुबह आठ बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और स्थानीय हक-हकूकधारियों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। भगवान के जयकारों के बीच कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की यात्रा का समापन हो गया।
कपाट बंद होने के बाद भगवान मध्यमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर को डोली गौण्डार गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 17 नवंबर को राकेश्वरी मंदिर रांसी, 18 नवंबर को गिरिया गांव और 19 नवंबर को शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। ऊखीमठ में डोली के आगमन पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार स्वागत और पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद शीतकाल में भगवान मध्यमहेश्वर की नियमित पूजा ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। इस अवसर पर बीकेटीसी सदस्य डॉ. विनीत चंद्र पोस्ती, प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी सहित श्रद्धालु मौजूद रहे।
