नवजात शिशु सप्ताह को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों को दिया प्रशिक्षण
पौड़ी। नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला चिकित्सालय पौड़ी में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हितेन जंगपानी ने स्वास्थ्य कर्मियों को जन्म के तुरंत बाद देखभाल, कंगारू मदर केयर, टीकाकरण, संक्रमण से बचाव और खतरे के लक्षणों की पहचान की जानकारी दी।
सीएमओ ने संस्थागत प्रसव, स्तनपान, नियमित स्वास्थ्य जांच और उच्च जोखिम वाले नवजात शिशुओं की समय पर पहचान एवं रेफरल पर जोर दिया। प्रशिक्षण में ब्लॉक स्तर की चिकित्सा इकाइयों के अधिकारी और कर्मचारी ऑनलाइन जुड़े। इस दौरान सीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
