भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका कांग्रेस विधायक हरीश धामी का पुतला

देहरादून। जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति कांग्रेस विधायक हरीश धामी की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को लैंसडाउन चौक पर प्रदर्शन किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विधायक का पुतला दहन कर नाराजगी जताई।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि सार्वजनिक और सांस्कृतिक मंचों की अपनी गरिमा होती है। ऐसे आयोजनों में जनप्रतिनिधियों से मर्यादित भाषा और शालीन व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। मेले जैसे सांस्कृतिक आयोजन में इस प्रकार की टिप्पणी करना मंच की गरिमा और सार्वजनिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश के विकास और जनकल्याण की जिम्मेदारी सौंपी है। लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन इसकी अभिव्यक्ति शालीन एवं मर्यादित भाषा में होनी चाहिए। भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश की गरिमा और सम्मान के प्रति सजग हैं तथा सार्वजनिक मंचों पर इस तरह की टिप्पणियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करते रहेंगे। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने भविष्य में जनप्रतिनिधियों से सार्वजनिक मंचों की मर्यादा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की घटना दोबारा होने पर विरोध को आंदोलन का रूप दिया जा सकता है।
प्रदर्शन में महानगर उपाध्यक्ष ओम कक्कड़, मंत्री मोहित शर्मा, विनोद शर्मा, प्रदीप कुमार, महिपाल विजय, मंडल अध्यक्ष सुमित पुंडीर, राजीव गुरूंग, आशीष शर्मा, सौरभ शर्मा, विमल उनियाल, विपिन कंबोज, प्रवीण कुमार, अमित, अक्षय राणा, कुणाल तनेजा और संतोष थापा सहित महानगर पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!