शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट, बाबा केदार की उत्सव डोली ऊखीमठ रवाना
 
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को प्रातः 8ः30 बजे पूर्ण वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ धाम यात्रा का विधिवत समापन हो गया। कपाट बंद होने की प्रक्रिया तड़के 4 बजे विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। निर्धारित परंपराओं के अनुसार सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट बंद किए गए। इस दौरान पूरा धाम बाबा केदार के जयकारों से गुंजायमान रहा।
इस पावन अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर और मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़ मौजूद रहे। इनके अलावा पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी अवनी तिवारी, चौकी प्रभारी केदारनाथ मुकेश डिमरी, संबंधित विभागों के अधिकारी, तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी और देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु भी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। डोली के प्रस्थान के दौरान श्रद्धालुओं ने भावुक मन से बाबा के जयकारे लगाते हुए विदाई दी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोली के साथ धाम से रवाना हुए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 नवंबर को बाबा केदार की उत्सव डोली का प्रथम रात्रि प्रवास रामपुर में होगा। 12 नवंबर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी, जबकि 13 नवंबर को श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के अनुसार भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना शुरू होगी।
आगामी छह माह तक बाबा केदार की पूजा और धार्मिक अनुष्ठान ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होंगे। इस दौरान श्रद्धालु यहां पहुंचकर बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल पर दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!