एसएसपी श्वेता चौबे ने पुलिस परिवार के साथ मनाई दीपावली
टिहरी। दीपावली के पावन पर्व पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्वेता चौबे ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को मिठाई वितरित कर सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पुलिस परिवार के बच्चों को दीपावली के उपहार भी भेंट किए गए, जिन्हें पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
एसएसपी ने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों पर भी परिवार से दूर रहकर आमजन की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। ऐसे में उनके साथ खुशियां साझा करना आपसी विश्वास और पारिवारिक अपनत्व को मजबूत करता है। उन्होंने सभी कार्मिकों को निष्ठा और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सीओ टिहरी चंद्रमोहन सिंह, सीओ नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीवा कुमार सहित विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। टिहरी पुलिस ने इस अवसर पर जनपदवासियों को भी दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
