दीपावली पर अग्नि सुरक्षा के लिए चमोली में 15 फायर यूनिट तैनात
चमोली। दीपावली पर आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए चमोली पुलिस और अग्निशमन विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर गोपेश्वर, ज्योतिर्मठ और गैरसैंण फायर स्टेशनों की कुल 15 फायर यूनिटों को निर्धारित स्थानों पर अग्निशमन उपकरणों और फायर टेंडरों सहित तैनात किया गया है।
फायर सर्विस की टीमें आतिशबाजी की दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों और विक्रेताओं के लाइसेंस की जांच कर रही हैं। दुकानदारों को पानी और रेत से भरी बाल्टियां तथा अग्निशामक यंत्र रखने के निर्देश दिए गए हैं। चमोली पुलिस ने आमजन और पटाखा विक्रेताओं से सावधानी बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर सूचना देने की अपील की है।
