दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, पांच नमूने लिए
रुद्रप्रयाग। दीपावली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सिल्ली, अगस्त्यमुनि और विजयनगर में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनोज सेमवाल के नेतृत्व में जांच दल ने मिठाई, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची। इस दौरान संदेह के आधार पर बालूशाही, गुलाब जामुन, बेसन का लड्डू, बीकानेरी बर्फी और गाय के दूध के पांच नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। कुछ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की कमी मिलने पर कारोबारियों को चेतावनी दी गई। वहीं एक दुकान में एक्सपायरी जीरा और पापड़ मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। विभाग ने जांच अभियान जारी रखने की बात कही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए 12 खाद्य पदार्थों के नमूने
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कोटद्वार के दुर्गापुरी, किशनपुरी, देवी रोड और तीलू रौतेली चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान मैसूर पाक, बेसन के लड्डू, मावा, काजू कतली, कलाकंद और मिल्क केक सहित विभिन्न मिठाइयों के 12 नमूने एकत्र किए गए। अभियान के दौरान मिठाई विक्रेताओं को खुली मिठाइयों पर निर्माण एवं उपभोग तिथि स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य कारोबारियों को एक्सपायरी और मिथ्या छाप खाद्य पदार्थों का भंडारण व बिक्री नहीं करने की हिदायत दी गई। अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा, तहसीलदार राजेंद्र सनवाल और सुनील बिष्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
