मिट्टी के दीये और धूपबत्ती बनाकर आत्मनिर्भर बन रहीं 20 महिलाएं

रुद्रप्रयाग। जनपद में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। विकासखंड जखोली के ग्राम दरमोला-जवाड़ी में जय रुद्रनाथ क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) जवाड़ी से जुड़ी 20 महिलाएं मिट्टी के दीये और धूपबत्ती तैयार कर अपनी आजीविका मजबूत कर रही हैं।
महिलाएं मिट्टी के दीयों को आकार देने के साथ उन्हें सुखाने, रंगने और आकर्षक ढंग से सजाने का काम कर रही हैं। बाजार की मांग के अनुरूप विभिन्न रंगों और डिजाइनों के दीये तैयार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही धूपबत्ती का निर्माण भी किया जा रहा है। तैयार उत्पादों की बिक्री स्थानीय बाजारों, मेलों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से की जाएगी। इस पहल से महिलाओं को गांव में ही रोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर मिल रहे हैं। साथ ही पारंपरिक कारीगरी और पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा मिल रहा है। समूह की महिलाओं ने दीपावली पर स्थानीय मिट्टी के दीये खरीदने की अपील करते हुए कहा कि इससे स्थानीय हुनर और महिला स्वावलंबन को प्रोत्साहन मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!