दीपावली को लेकर पुलिस अलर्ट, अग्निशमन व्यवस्थाओं की जांच


रुद्रप्रयाग। दीपावली पर आगजनी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने अग्निशमन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 2 नवंबर को फायर यूनिट अगस्त्यमुनि ने अग्निशमन वाहनों और उपकरणों का विशेष परीक्षण किया।
इस दौरान फायर पंप, फोम कंपाउंड, होज पाइप सहित अन्य उपकरणों की कार्यशीलता जांची गई। सभी संसाधनों को आपात स्थिति में तत्काल उपयोग के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने आमजन से आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने और ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। किसी भी अग्नि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना देने का आग्रह किया गया है।

दीपावली को लेकर पुलिस ने की व्यापारियों के साथ बैठक

टिहरी। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए टिहरी पुलिस ने नई टिहरी और थत्यूड़ में व्यापारियों, टैक्सी यूनियन तथा स्थानीय लोगों के साथ बैठकें कीं। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में आयोजित बैठकों में बाजारों में भीड़ प्रबंधन, यातायात और अग्नि सुरक्षा पर चर्चा की गई। पुलिस ने व्यापारियों को दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करने और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने के निर्देश दिए। पटाखा विक्रेताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार सुरक्षित स्थानों पर दुकानें लगाने तथा अग्निशमन उपकरण, पानी और रेत की व्यवस्था रखने को कहा गया। पुलिस ने आमजन से त्योहार के दौरान शांति, सौहार्द और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!