केदारताल ट्रेक पर फंसे 13 लोगों के रेस्क्यू के लिए अभियान तेज

उत्तरकाशी। केदारताल ट्रेक पर फंसे ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ को सुरक्षित निकालने के लिए जिला प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वन विभाग और ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें अभियान में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ सहित कुल 13 लोग गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुए थे। उनकी वापसी 29 अक्टूबर को निर्धारित थी, लेकिन खराब मौसम, ग्लेशियर और बर्फबारी के कारण रास्ता बंद होने से वे वापस नहीं लौट सके। 30 अक्टूबर को ट्रेकिंग एजेंसी के माध्यम से संपर्क होने पर उन्होंने कच्ची ढांग के पास सुरक्षित होने की सूचना देकर सहायता मांगी थी। 30 अक्टूबर को पोर्टर और गाइड की टीम ने करीब छह किलोमीटर तक रास्ता खोलने का प्रयास किया। 31 अक्टूबर को उत्तरकाशी से 10 सदस्यीय एनडीआरएफ टीम के साथ एसडीआरएफ के छह जवान, वन विभाग के दो सदस्य और ट्रेकिंग एजेंसी के सात सदस्य रेस्क्यू के लिए रवाना हुए। गंगोत्री राष्ट्रीय उद्यान के अनुसार, कच्ची ढांग के पास तीन पोर्टर और एक कुक सहित चार लोग सुरक्षित मिल गए हैं। शेष आठ लोग भोजखड़क से आगे हिमस्खलन के कारण फंसे हुए हैं। बाधित मार्ग और खराब मौसम के चलते रेस्क्यू में कठिनाई आ रही है। प्रशासन ने हेलीकॉप्टर की मांग भी की है। जिलाधिकारी ने टीमों को समन्वय के साथ सभी लोगों की सुरक्षित निकासी के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!