16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

चमोली। उत्तराखंड शासन के सचिव दीपक कुमार की अध्यक्षता में पीपलकोटी में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें जनगणना, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तीकरण और स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा हुई।
सचिव ने बताया कि 16 नवंबर से स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक जनगणना कार्य किया जाएगा। उन्होंने लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने और तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी कार्यालयों में संस्कृत में नाम पट्टिकाएं लगाने, कृषि, उद्यान, मत्स्य और पशुपालन को जोड़कर एकीकृत कृषि मॉडल विकसित करने तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को सीएससी से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही विद्यालयों में बालिका शौचालयों की साफ-सफाई और जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
