सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए थर्ड पार्टी रोड सेफ्टी ऑडिट के निर्देश


हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए विभिन्न विभागों की समन्वित कार्रवाई पर जोर दिया गया।
सीडीओ ने संबंधित विभागों को दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान कर प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों का थर्ड पार्टी रोड सेफ्टी ऑडिट कराने पर विशेष जोर दिया, ताकि स्वतंत्र तकनीकी मूल्यांकन के माध्यम से सुरक्षा संबंधी कमियों को चिह्नित कर आवश्यक सुधार किए जा सकें। दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने को भी कहा गया। यातायात नियमों के उल्लंघन की निगरानी के लिए कैमरों और डिजिटल माध्यमों का उपयोग बढ़ाने तथा सड़कों और किनारों से अतिक्रमण हटाने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाकर हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक शैत, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डीपी सिंह, एआरटीओ हरिद्वार निखिल शर्मा, नेहा झा, रुड़की के जितेंद्र चंद, कृष्ण चंद्र सहित पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग, नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!