रुद्रप्रयाग में चार करोड़ की लागत से बना गढ़ दर्शन रिजॉर्ट शुरू


रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रतूड़ा में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गढ़ दर्शन रिजॉर्ट एवं रेस्टोरेंट का कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने शुभारंभ किया। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े। प्रथम चरण में यहां 16 कॉटेज और रेस्टोरेंट तैयार किए गए हैं।
उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ की इस पहल का उद्देश्य चारधाम यात्रियों को गढ़वाल की संस्कृति, पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों और स्थानीय उत्पादों से परिचित कराना है। रिजॉर्ट में महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों और व्यंजनों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे उनकी आमदनी बढ़ने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि ऐसे प्रयासों से स्थानीय उत्पादों को बाजार, युवाओं को रोजगार और पर्वतीय क्षेत्रों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने इसे पलायन रोकने और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। संघ के प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ला ने कहा कि संघ पर्यटन सहित नए व्यावसायिक क्षेत्रों में विस्तार कर रहा है। संघ का लक्ष्य एक हजार करोड़ रुपये का कारोबार हासिल करना है। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!