गढ़वाल विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय और मानव रचना इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर अभिमुखीकरण एवं संवेदीकरण कार्यक्रम शुरू हुआ। इसमें विभिन्न संस्थानों के 96 प्रतिभागी शामिल हुए।
केंद्र निदेशक प्रो. देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि नई शिक्षा नीति उच्च शिक्षा को बहुआयामी, कौशल आधारित और रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उद्घाटन सत्र में कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव सहित कई शिक्षाविद उपस्थित रहे। तकनीकी सत्रों में कौशल शिक्षा, अंतरपीढ़ीगत संबंधों, भारतीय भाषाओं और सांस्कृतिक विरासत के महत्व पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने शिक्षा को व्यावहारिक ज्ञान और जीवन मूल्यों से जोड़ने पर जोर दिया।
