नौगांवखाल में सीएसडी कैंटीन का शुभारंभ, शहीदों के परिजनों और पूर्व सैनिकों का सम्मान

पौड़ी। कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने एकेश्वर विकासखंड के नौगांवखाल में सीएसडी कैंटीन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शहीद सैनिकों के परिजनों, वीर नारियों, वयोवृद्ध गौरव सेनानी और सैनिक कल्याण में योगदान देने वाले पूर्व सैनिक को सम्मानित किया गया।
मंत्री ने कहा कि सेना देश के गौरव, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। कैंटीन शुरू होने से पात्र सैनिकों, पूर्व सैनिकों और अधिकृत लाभार्थियों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि कोटद्वार में शहीद स्थल निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द निर्माण शुरू होगा। कार्यक्रम में 92 वर्षीय गौरव सेनानी महिपाल सिंह नेगी सहित कई सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र सिंह रावत ने किया।
