पार्किंग सुविधाओं के विस्तार और विरासत भवनों के पुनरुद्धार पर जोर

पौड़ी। पौड़ी शहर को जाम से राहत दिलाने और पार्किंग व्यवस्था बेहतर बनाने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं। सोमवार को सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश ने निर्माणाधीन पार्किंग, प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग और विरासत स्थलों का निरीक्षण किया।
अपर चोपड़ा में निर्माणाधीन 30 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का कार्य एक माह में पूरा करने के निर्देश दिए। गढ़वाल मंडल विकास निगम के समीप 70 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का भी जायजा लिया। पावर हाउस क्षेत्र में प्रस्तावित 300 वाहनों की बहुमंजिला पार्किंग की अनुमानित लागत का पुनर्मूल्यांकन कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजने को कहा। सचिव ने हेरिटेज संग्रहालय और वीर भूमि स्थल के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। सर्किट हाउस स्थित गेस्ट हाउस का पहाड़ी शैली में नवीनीकरण करने तथा संग्रहालय की सजावट के प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से यातायात का दबाव घटेगा और पौड़ी की ऐतिहासिक पहचान सुरक्षित रहेगी। निरीक्षण में सीडीओ अशोक जोशी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
