कनकोट में 1.17 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास, ग्रामीणों से किया संवाद

पौड़ी। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय भ्रमण के पहले दिन ग्राम कनकोट में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने नौगांव पज्याणा और कनकोट में ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव लिए।
डॉ. रावत ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। कनकोट में खण्डगांव से सौलसैण तक दो किलोमीटर मोटर मार्ग का निर्माण 99.87 लाख रुपये की लागत से होगा। इसके अलावा पैदल मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने और कनकोट-धौलाण के बीच पंचायत भवन की सुरक्षा के लिए सात लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों पर कुल 117.87 लाख रुपये व्यय होंगे। इस दौरान महिला मंगल दलों को संस्कृति सामग्री वितरित की गई। मंत्री ने ग्रामीणों को कंडारस्यूं पंपिंग योजना, पैठाणी के राहु मंदिर की कलश यात्रा और बूंखाल कालिका मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
