कांग्रेस की उत्तराखण्ड न्याय यात्रा को मिल रहा जनता का समर्थन : राजीव महर्षि
 

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से भाजपा सरकार की नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में संचालित उत्तराखण्ड न्याय यात्रा के तहत रविवार को गढ़वाल मंडल की चार विधानसभा क्षेत्रों में यात्राएं निकाली गईं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में लैंसडाउन और चौबट्टाखाल तथा पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा आयोजित हुई। इसमें विधायक विक्रम सिंह नेगी, लखपत बुटोला और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला भी शामिल रहे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, भर्ती अनियमितताओं और महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। गणेश गोदियाल ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की कमी के कारण पलायन बढ़ रहा है। जंगली जानवरों के आतंक से ग्रामीण और किसान भी परेशान हैं।
प्रीतम सिंह ने देहरादून में यातायात जाम, पेयजल संकट, जलभराव और बदहाल सड़कों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि न्याय यात्रा के माध्यम से जनता की समस्याएं उठाई जा रही हैं और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इन मुद्दों को प्रमुखता से जनता के बीच रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!