पुलिस ने बच्चों को नशे और साइबर अपराधों से किया जागरूक

चमोली। गोपेश्वर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित ब्लॉक स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के दौरान पुलिस ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी ने खेल के उदाहरणों के जरिए अनुशासन, एकाग्रता और सही निर्णय लेने का महत्व समझाया।
उन्होंने कहा कि नशा स्वास्थ्य, खेल प्रदर्शन और भविष्य को नुकसान पहुंचाता है। बच्चों से नशे के लिए प्रेरित किए जाने पर स्पष्ट इनकार करने की अपील की। साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, पासवर्ड व निजी जानकारी साझा न करने और ऑनलाइन ठगी या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना देने की सलाह दी। इस अवसर पर जिला टेबल टेनिस फेडरेशन के अध्यक्ष हरेंद्र सिंह नेगी, सचिव आनंद सिंह बिष्ट सहित पदाधिकारी और कोच मौजूद रहे।
