राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने किए बाबा केदार व बद्रीनाथ के दर्शन

रुद्रप्रयाग/चमोली। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार और बद्रीनाथ के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में राज्यपाल के रूप में सेवा का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बाबा केदारनाथ से सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की। उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से उत्तराखंड को स्वच्छ एवं नशामुक्त बनाए रखने में योगदान देने की अपील की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी है। इस दौरान राज्यपाल की धर्मपत्नी भानुमति बिसेन, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, उपजिलाधिकारी अनिल रावत, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
