खेल प्रतियोगिताओं में दिव्यांग बच्चों ने दिखाया दमखम


पौड़ी। समावेशी शिक्षा के तहत शनिवार को रांसी स्थित शहीद जसवंत सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में दिव्यांग बच्चों की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने रिले रेस, चम्मच दौड़, सॉफ्ट बॉल थ्रो, गुब्बारे उछालने और रस्साकस्सी में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कनिष्ठ प्रमुख नीरज पटवाल ने किया। बच्चों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
चार गुणा 100 मीटर रिले दौड़ में सुजल, मोहित, रोहित और अशोक ने विभिन्न वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। चम्मच दौड़ में आंचल प्रथम और सौम्या जोशी द्वितीय रहीं। सॉफ्ट बॉल थ्रो में सुजल प्रथम, कपिल द्वितीय और अमित तृतीय रहे। मनोरंजक खेल में अमित प्रथम, जबकि गुब्बारे उछालने में आंचल प्रथम रहीं। रस्साकस्सी में सुजल, ऋषभ, अमित और अशोक की टीम विजेता बनी। खंड शिक्षा अधिकारी आदर्श ने कहा कि प्रतियोगिताओं का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समान अवसर देकर उनका आत्मविश्वास और प्रतिभा बढ़ाना है। कार्यक्रम में शिक्षक, निर्णायक और अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!