विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज, ईवीएम-वीवीपैट की जांच शुरू


चमोली। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों के तहत चमोली में शुक्रवार से ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच शुरू हो गई। विकास भवन गोपेश्वर के सामने स्थित वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पाेरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के इंजीनियर जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में मशीनों की जांच कर रहे हैं। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद हैं।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक सामान्य और उप निर्वाचन से पहले मशीनों की जांच अनिवार्य है। जांच में प्रमाणित मशीनों का ही चुनाव में उपयोग किया जाएगा। प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह नौ से शाम सात बजे तक चलेगी और रविवार व सार्वजनिक अवकाशों में भी जारी रहेगी। अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश ने बताया कि जिले में 1,130 बैलेट यूनिट, 1,400 कंट्रोल यूनिट और 1,294 वीवीपैट मशीनें उपलब्ध हैं। जांच हॉल में मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती, तहसीलदार दीप्तिशिखा और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


ईवीएम-वीवीपैट की जांच शुरू, पर्यवेक्षक ने किया निरीक्षण

रुद्रप्रयाग। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत रुद्रप्रयाग में ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक एवं राज्य नोडल अधिकारी अनीश टी ने अगस्त्यमुनि स्थित वेयरहाउस में जांच प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा भी मौजूद रहे। पर्यवेक्षक ने निर्धारित मानकों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा प्रत्येक कार्रवाई का अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!