तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने साधा निशाना

टिहरी। बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित नौवीं राज्य स्तरीय सीनियर बालक-बालिका तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को खिलाड़ियों ने विभिन्न व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में पदक जीते। जिला पंचायत अध्यक्ष ईशिता सजवाण ने विजेताओं को पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
इंडियन राउंड में मानषी राणा और आदर्श पंवार ने व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। कंपाउंड वर्ग में विनीता और शिवम वर्मा, जबकि रिकर्व वर्ग में अनन्या बिष्ट और आदर्श नेगी ने स्वर्ण पदक हासिल किए। ओलंपिक इंडियन राउंड में नमन और मानषी राणा विजेता रहे। ओलंपिक रिकर्व में आदर्श नेगी और अनन्या तथा ओलंपिक कंपाउंड में दिग्विजय और अनुष्का ने स्वर्ण पदक जीते। टीम स्पर्धाओं में इंडियन राउंड पुरुष वर्ग में देहरादून, महिला वर्ग में हरिद्वार की टीम विजेता रही। रिकर्व पुरुष वर्ग में देहरादून तथा कंपाउंड पुरुष वर्ग में अल्मोड़ा और महिला वर्ग में हरिद्वार की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। ईशिता सजवाण ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
