74 हजार से अधिक बच्चों को खिलाई गई कृमिनाशक दवा

पौड़ी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने जनपद में एक से 19 वर्ष तक के 74,060 बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई। अभियान का शुभारंभ आदर्श मॉडर्न स्कूल प्रेमनगर और राजकीय इंटर कॉलेज मैसमोर में बच्चों को दवा खिलाकर किया गया। दोनों विद्यालयों में कुल 144 बच्चों को दवा दी गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि दवा खाने से छूट गए बच्चों को 25 नवंबर को मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में हड़ताल के कारण वहां पंजीकृत बच्चों को दवा नहीं दी जा सकी। हड़ताल समाप्त होने के बाद शासन के निर्देशानुसार उन्हें दवा खिलाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभियान के सफल संचालन में सहयोग के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों और विद्यालय प्रशासन का आभार जताया।

932 शिक्षण संस्थानों में बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल

रुद्रप्रयाग। जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत एक से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को 932 सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी शिक्षण संस्थानों में एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई। अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने तिलणी स्थित श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में किया। उन्होंने बताया कि कृमिनाशक दवा से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक एवं बौद्धिक विकास में सुधार होता है।


बच्चों को खिलाई एल्बेंडाजोल

श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत खिर्सू विकासखंड के श्रीनगर सहित विभिन्न विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय सौडू क्वीसू, संस्कृति विद्यालय, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गहड़, गढ़वाल विश्वविद्यालय, आईटीआई और केंद्रीय विद्यालय में अभियान चलाया गया।

87,685 बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य

उत्तरकाशी। जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के निर्देशन में 1 से 19 वर्ष तक के 87,685 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत 1,222 विद्यालयों और 1,031 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दवा दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें, आशा कार्यकर्ता और आरबीएसके कर्मी अभियान में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!