23 अक्टूबर से होगी ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी

पौड़ी। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराते हुए सूची के परीक्षण और सुझाव साझा करने का आग्रह किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि राजनीतिक दलों की सक्रिय सहभागिता से निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निगरानी सुनिश्चित होती है।
जनपद के छह विधानसभा क्षेत्रों में 1,008 मतदान केंद्रों पर 5,07,135 सामान्य मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2,64,235 पुरुष, 2,42,890 महिला और 10 तृतीय लिंग मतदाता हैं। इसके अलावा 14,570 सर्विस मतदाता हैं। इस प्रकार कुल 5,21,705 मतदाता पंजीकृत हैं। ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच 23 अक्टूबर से ईवीएम गोदाम, छतरीधार में शुरू होगी। एफएलसी प्रतिदिन सुबह 9 से शाम 7 बजे तक होगी। प्रत्येक दल के दो अधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित रह सकेंगे। जांच के बाद पांच प्रतिशत मशीनों पर मॉक पोल कराया जाएगा।
