उपविजेता रही सीमान्त रानीखेत टीम का हुआ सम्मान समारोह

रानीखेत। सशस्त्र सीमा बल सीमान्त मुख्यालय रानीखेत परिसर में विशेष एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 53वीं वाहिनी सिमलाबारी (पश्चिम बंगाल) में 05 से 09 अक्टूबर 2026 तक आयोजित अंतर-सीमांत क्रिकेट टूर्नामेंट में अपनी उत्कृष्ट खेल क्षमता का प्रदर्शन करते हुए उप विजेता का स्थान प्राप्त करने वाली सीमान्त रानीखेत की क्रिकेट टीम के सम्मान में आयोजित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान महानिरीक्षक सीमान्त रानीखेत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और पूरी टीम के सदस्यों को उनकी इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए व्यक्तिगत रूप से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए एवं उनका उत्साहवर्धन करते हुए महानिरीक्षक ने कहा खेल प्रतियोगिता में हार और जीत एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। मैदान पर किसी भी टीम की वास्तविक पहचान उसकी जीत से अधिक उसके द्वारा दिखाए गए उच्च स्तर के अनुशासन, अटूट समर्पण, रणनीतिक कौशल और टीम भावना से होती है। सीमान्त रानीखेत की टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान जिस जुझारूपन का परिचय दिया है उस पर पूरे सीमान्त परिवार को गर्व है। महानिरीक्षक ने पूरी टीम के साथ-साथ विशेष रूप से सशस्त्र सीमा बल की क्रिकेट टीम के लिए चयनित हुए आरक्षी (सामान्य) संजय को उनकी इस व्यक्तिगत उपलब्धि के लिए विशेष बधाई व शुभकामनाएं दी।
