टिहरी में चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी के लिए भी हेलमेट अनिवार्य

 
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस ने पूरे जनपद में विशेष हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया। यातायात निदेशालय उत्तराखंड देहरादून के आदेशों के क्रम में संचालित इस अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों तिराहों बाजारों और विभिन्न मार्गों पर वाहन चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के साथ पीछे बैठकर यात्रा करने वाली सवारियों को भी हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को हेलमेट के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना के दौरान सिर में लगने वाली चोट सबसे अधिक घातक साबित हो सकती है। हेलमेट दुर्घटना की स्थिति में सिर को गंभीर चोटों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए दोपहिया वाहन पर यात्रा करते समय केवल चालक ही नहीं बल्कि पीछे बैठने वाली सवारी को भी गुणवत्तापूर्ण और आईएसआई मार्क हेलमेट पहनना चाहिए। साथ ही हेलमेट की पट्टी को सही तरीके से लॉक रखना भी जरूरी है। टिहरी पुलिस ने आमजन को संदेश दिया कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करना आवश्यक है। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दोपहिया वाहन पर यात्रा करते समय चालक और पीछे बैठने वाली सवारी दोनों अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें। आईएसआई मार्क हेलमेट का प्रयोग करें और उसकी पट्टी लॉक रखें। यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। पुलिस ने संदेश दिया कि हेलमेट पहनकर स्वयं भी सुरक्षित रहें और अपने परिवार को भी सुरक्षित रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!